फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महोत्सव में ‘सपनों की कार’ संग सेल्फी की होड़

Mon, 01 Feb 2016 02:14 AM IST
गोरखपुर। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर महोत्सव में सिर्फ मंच ही नहीं बल्कि किचन के सामान से लेकर ट्रेड फेयर के स्टॉलों के इर्द-गिर्द भी खूब रौनक है। सभी नामी कंपनियों के दो पहिया से लेकर चार पहिया वाहनों तक की खूबियां जानने के अलावा लोग अपनी पसंदीदा गाड़ियों के साथ सेल्फी लेने का मौका भी नहीं चूक रहे। पहले से कार खरीदने का इरादा बना चुके कुछ लोगों ने महोत्सव में कारों की बुकिंग भी कराई है।
विज्ञापन


किचन और इलेक्ट्रानिक सामान से जुड़े स्टॉलों पर भी लोगों की खूब भीड़ जुट रही है। लोगों को आकर्षित करने के लिए स्टॉल संचालकों ने तमाम तरह के ऑफर भी दे रखे हैं। वहीं, विभिन्न मोबाइल कंपनियां भी लोगों को अपने स्टॉल तक खींचने में सफल रहीं। इन सब के अलावा परिसर का एक हिस्सा खाने-पीने के स्टॉलों के लिए भी सुरक्षित रखा गया है, जहां लोग वेज और नॉनवेज व्यंजनों के जायके का लुत्फ उठा रहे हैं। बैंक भी अपने स्टॉल लगा रखे हैं जहां रविवार की छुट्टी के दिन भी अफसर-कर्मचारी संबंधित बैंकों की योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देते रहे।

महोत्सव में प्राइवेट बिल्डरों को अपने प्रोजेक्ट की खूबियां गिनाते देखा जा रहा है तो गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने भी एक बड़ा स्टॉल सुरक्षित कर रखा है जहां आवेदन पत्र खरीदने के साथ ही रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा है। इसके लिए प्राधिकरण ने अलग से आंध्रा बैंक का भी स्टॉल लगाया है। प्राधिकरण के संपत्ति अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि तीन दिनों के भीतर वसुंधरा फेज थ्री, जीडीए टॉवर, लोहिया फेज वन, बुद्धा मिनी मार्ट, विकास नगर समेत कई आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं में करीब 21 करोड़ की कीमत के मकान-दुकान खरीदने के लिए आवेदन बिक चुके  हैं।
विज्ञापन


लोक नृत्य में झलकीं विविध संस्कृतियां
महिला प्रकोष्ठ की तरफ से ‘आजादी सोच’ की कार्यक्रम के तहत हुई प्रतियोगिताओं में महिलाओं के ग्रुप ने आंचलिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर गुजरात, मराठी, यूपी, पंजाबी समेत तमाम सूबाें की संस्कृति और सभ्यता को बयां किया। लोक नृत्य में महिलाओं के डांस ग्रुप डेफोडिल पहले, एंजिल ग्रुप दूसरा तथा गोर्जियस गर्ल्स ग्रुप तीसरा विजेता बना। इसी तरह रंगोली प्रतियोगिता में मधुरलता विश्वकर्मा, अंजलि सुबधा, सत्यदेव पहली, स्निग्धा राय, अनुष्का श्रीवास्तव दूसरी तथा मधु सिंह और अंजुमन तीसरी विजेता रहीं।

महोत्सव के मंच पर बच्चों ने दिखाया टैलेंट
करीब तीन दिन के ऑडिशन के बाद जब रविवार को महोत्सव के मंच से बच्चों ने अपनी छुपी हुई कला का प्रदर्शन किया तो आयोजकों के चेहरों पर तसल्ली और गर्व के भाव तैरे ही, यूनिवर्सिटी कैं पस भी रह-रहकर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। किसी ने अपने गीतों से देशभक्ति की भावना पैदा की तो किसी ने लोकगीतों और नृत्य से समां बांधा। इस गोरखपुर गॉट टैलेंट कार्यक्रम के तहत कुल 52 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए मेधा का प्रदर्शन किया।

कव्वाली और भजन से बांधा समां
महोत्सव के दौरान शाम को करीब ढाई घंटे तक चले इंद्रधनुष कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भजन, लोक गीता और कव्वाली से समां बांध दिया। प्रभाकर शुक्ला ने अवधी में भजन पेश किया तो इरफान साबरी ने बुल्ले शाह की कव्वाली पर लोगाें को झूमने पर मजबूर कर दिया। बृजकिशोर त्रिपाठी, चेता सिंह, राकेश श्रीवास्तव, राकेश उपाध्याय, रामदरश त्रिपाठी, अस्तूरन देवी के लोक गीतों में पूर्वांचल की संस्कृति और सभ्यता झलकी तो डॉ शरद मणि त्रिपाठी ने गजल से माहौल को गंभीर कर दिया। इसके बाद मंच पर आईं गोरखपुर कत्थक केंद्र की स्मृति शाही, मिताली पांडेय, अमृता, अंकिता, आयुषी, ज्योति, श्रेया, काव्यावी ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का खूब मनोरंजन किया।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें