रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रदेशीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में मेजबान गोरखपुर मंडल की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। गोरखपुर ने लखनऊ को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हरा दिया। इलाहाबाद, बरेली और वाराणसी ने भी अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। शनिवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे।
शुक्रवार को पहला मैच इलाहाबाद और आगरा के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। मैच के अंतिम समय तक दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली। मैच समाप्ति होने के आखिरी क्षणों में कुमारी रेंकू ने गोल कर इलाहाबाद को 1-0 से जीत दिला दी। दूसरा मैच बरेली और कानपुर के बीच खेला गया। यह मैच भी रोमांचक रहा। बरेली के लिए अलिशा सिंह ने गोलकर अपनी टीम को 1-0 से जीत दिला दी। तीसरा मैच गोरखपुर और लखनऊ के बीच खेला गया।
मेजबान गोरखपुर के खिलाड़ियों ने शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। मैच के पांचवें मिनट में मुस्कान ने गोल कर गोरखपुर को 1-0 से बढ़त दिला दी। हॉफ टाइम से कुछ देर पहले सुष्मिता ने गोल गोरखपुर की बढ़त 2-0 कर दी। मैच के दूसरे हॉफ में भी गोरखपुर की टीम लखनऊ पर हावी रही। मैच के अंतिम समय में सोनम ने गोल कर गोरखपुर को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। चौथे मैच में वाराणसी ने एकतरफा मुकाबले में आजमगढ़ को 8-0 से शिकस्त दे दी। वाराणसी के लिए नेहा ने चार, श्वेता ने दो और प्रियंका ने दो गोल किए। इससे पहले, गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश चंद्र त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया।