अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा कारोबारियों की बंदी लगातार जारी है। शुक्रवार को अलीनगर में सराफा कारोबारियों ने सब्जी बेचकर विरोध जताया। उधर, बंधु सिंह पार्क में सराफा कारोबारी एकत्र हुए और आंदोलन की नई रणनीति तय की। व्यापारियों ने कहा कि यदि सरकार जल्द हमारी मांगे नहीं मानी तो आंदोलन को तेज करने के साथ ही केंद्र सरकार की गलत नीतियों का प्रचार किया जाएगा।
सराफा मंडल के अध्यक्ष शरद चंद अग्रहरि, अतुल सर्राफ ने कहा कि यह बहुत खेद की बात है कि केंद्र सरकार इतने दिनों से चल रहे आंदोलन पर जरा भी ध्यान नहीं दे रही है। लगातार व्यापारी दुकानें बंद करके विरोध जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब यूपीए सरकार थी और इस तरह का कानून लाई थी तो भाजपा ने इसका विरोध किया और आज जब भाजपा की सरकार है तब व्यापारियों की इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी इसका विरोध करने के लिए आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। पुष्पदंत जैन, राकेश वर्मा, मदन, भोला, अतुल सर्राफ, केशो वर्मा, केशव कुमार वर्मा, अरुण वर्मा, रामप्रकाश, शेषनाथ वर्मा, अर्जुन, अमर जौहरी आदि शामिल थे।