देवरिया बाईपास पर मकान लेने वालों के लिए अच्छी खबर है। जीडीए ऐसे लोगों के लिए 400 फ्लैट तैयार करने जा रहा है। ये सभी फ्लैट लोहिया फेज दो योजना के तहत बनाए जाएंगे। इसके लिए जीडीए अधिकारियों ने एलआईजी और ईडब्ल्यूएस भवनों का खाका तैयार किया है। उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने इसे लांच कर दिया जाएगा।
देवरिया बाईपास पर लोहिया आवास योजना के तहत प्रस्तावित इस योजना को लेकर जीडीए अधिकारी काफी उत्साहित हैं। इसके तहत एलआईजी श्रेणी के 272 और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 120 मकान बनाए जाएंगे। अधिकारियों का दावा है कि इसके बगल में निर्माणाधीन चिड़िया घर और रामगढ़ ताल से सटे परियोजना को लोग हाथों हाथ लेंगे। यहां से लोगों को सुंदर वातावरण के साथ चिड़ियाघर भी देखने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
जीडीए के इंजीनियरों ने ईडब्ल्यूएस श्रेणी के भवन की कीमत 10.13 लाख रुपये के करीब रखी है, जबकि एलआईजी भवन की कीमत 18.25 लाख हो सकती है। भवन की कीमत पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। योजना के तहत एक ब्लॉक में पार्किंग के साथ तीन मंजिला आवास निर्माण होना है। एक ब्लॉक में 12 भवन बनाए जाएंगे।
22 एकड़ में विकसित हो रही है योजना
देवरिया बाईपास पर 22 एकड़ में विकसित हो रही लोहिया इन्कलेव योजना में पहले से ही 492 आवासों का निर्माण हो रहा है। इस योजना में 28. 59 लाख रुपये में एमआईजी फ्लैट आवंटित है।
योजना को लांच करने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। इसे अंतिम रूप देकर जल्द ही विज्ञापन निकाला जाएगा। लोगों को इसकी लोकेशन पसंद आएगी।
- डीएस उपाध्याय, जीडीए वीसी