गोरखपुर में फ्लाई ओवर और रिंग रोड बनवाने की मांग को लेकर सांसद रवि किशन ने नई दिल्ली में केंद्रीय ?
फ्लाईओवर और रिंग रोड दिलाएंगे जाम से निजात: रवि किशन
गोरखपुर। भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पांच फ्लाईओवर का मांग पत्र सौंपा। सांसद ने शहर क्षेत्र के मोहद्दीपुर सहित कई स्थानों पर फ्लाईओवर और रिंग रोड बनाने की मांग की है। सहजनवां, खजनी और कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में भी एक-एक फ्लाई ओवर बनाने का प्रस्ताव दिया है।
शहर संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद ने केंद्रीय मंत्री को समस्याएं गिनाईं। सांसद ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और उपभोक्ता सुविधाओं के लिहाज से गोरखपुर बेहतर है। आसपास के 20 जिलों की आबादी भी गोरखपुर आती है। नेपाल, बिहार के लोग शहर आकर व्यापार करते हैं। ऐसे में जाम की समस्या रहती है। शहर क्षेत्र में एक रिंग रोड की जरूरत है। रिंग रोड बनने के बाद जाम की समस्या कुछ कम होगी। मोहद्दीपुर क्षेत्र से बड़ी आबादी गुजरती है। इस क्षेत्र में फ्लाईओवर की जरूरत महसूस की गई है। गोलघर में भी जाम की समस्या रहती है। सांसद का कहना है कि केंद्रीय मंत्री ने मांग पत्र लिया है। साथ ही भरोसा दिलाया कि नागरिकों की सहूलियत के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। फ्लाईओवर की जरूरतों के लिए केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की तरफ से सर्वे भी कराया जाएगा।