दिल्ली की उड़ान दो घंटे, बंगलूरू की एक घंटे देर से हुई
गोरखपुर। खराब मौमस की वजह से शनिवार को दिल्ली की एक फ्लाइट जहां दो घंटे वहीं बंगलूरू की एक घंटे देर से उड़ान भर सकी। दोनों फ्लाइट के लेट होने से पूरा शेड्यूल बिगड़ गया जिससे टर्मिनल पर आपाधापी की स्थिति बन गई। कुर्सियां कम पड़ने की वजह से क ई यात्रियों को घंटे भर तक खड़े रहकर समय गुजारना पड़ा। वहीं इन फ्लाइटों से आने वाले यात्रियों को रिसीव करने पहुंचे उनके परिजन व मित्र भी एयरपोर्ट के बाहर परेशान रहे।
उधर फ्लाइट की मरम्मत की वजह से रविवार से गोरखपुर से बंगलूरू की फ्लाइट इंडिगो की उड़ान दो महीने के लिए बंद हो जाएगी। फरवरी से फिर इस फ्लाइट के शुरू होने की उम्मीद है। इस उड़ान के बंद हो जाने से अब बंगलूरू के लिए कोलकाता और दिल्ली से विमान बदलकर या फिर लखनऊ से फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। सात जनवरी 2019 को गोरखपुर से बंगलूरू की उड़ान शुरू हुई थी। फ्लाइट से जहां ढाई घंटे लगते हैं, वहीं ट्रेन से बंगलूरू तक सफर पूरा करने में 50 घंटे खर्च होते हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से गोरखपुर आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट अपने तय समय से दो घंटे देर से पहुंची। इसी तरह बंगलूरू से इंडिगो की फ्लाइट एक घंटे देर से गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंड की। दोनों फ्लाइट के देर से आने की वजह से यहां से भी उड़ान में देरी हुई।