गोरखपुर में बलदेव प्लाजा की जमीन कूटरचित दस्तावेज की मदद से रजिस्ट्री कराने के आरोप में भाजपा सांसद कमलेश पासवान, व्यापारी सतीश नांगलिया समेत पांच के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज होगा।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट यासमिन अकबर ने कैंट इंस्पेक्टर को केस दर्ज कर न्यायालय में एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। गोलघर प्रताप मार्केट निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कोर्ट में कहा कि मौजा हाजा में अराजी नंबर 27 व 37 की जमीन मेरी है। इस पर कई सालों से सफेदपोश कब्जा किए हैं।
उन्होंने जमीन पर बलदेव प्लाजा का निर्माण भी करा लिया। नई दिल्ली निवासी योगेश्वर प्रसाद की पत्नी सुधा प्रसाद व उनके बेटे कौस्तुभ प्रसाद तथा कंदर्प प्रसाद ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज के सहारे जमीन अपने नाम कराने की कोशिश भी की।
नरेंद्र की ओर से अधिवक्ता कृष्णानंद तिवारी ने कोर्ट के समक्ष कहा कि 21 अप्रैल 1999 को तत्कालीन एसडीएम सदर मुकेश कुमार द्वारा जांच में भी भूखंड का स्वामी नरेंद्र के पिता स्व. फुद्दी सिंह को पाया।