गोरखपुर। गुलरिहा क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह किराना की दुकान पर बैठी किशोरी से सिपाही के भाई ने छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर परिवार के लोग जुटे तो आरोपी ने मारपीट कर ली। भीड़ जुटने के बाद किशोरी ने छेड़छाड़ की जानकारी गांव वालों को देने के साथ ही आरोपी की पिटाई कर दी। गुलरिहा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सरहरी प्रतिनिधि के अनुसार गुलरिहा के ठाकुरपुर नंबर दो में रहने वाली युवती के पिता रिक्शा चलाते हैं। दस साल पहले उसकी मां का निधन हो गया। जीविका के लिए उसके पिता ने घर पर किराना का दुकान खोला है जिसे युवती चलाती है। गांव में रहने वाले सिपाही का भाई दुकान पर आकर अक्सर किशोरी से छेड़छाड़ करता था।
बृहस्पतिवार की सुबह दुकान के सामने कुछ युवक ताश खेल रहे थे। इसी बीच गुटका लेने के बहाने दुकान पर पहुंचे सिपाही के भाई ने युवती का हाथ पकड़ लिया। घर में उसे अकेला देख खींचकर कमरे में ले जाने लगा। विरोध करने पर हाथापाई करने के साथ ही उसकी पिटाई कर दी। शोर मचाने पर कमरे में सो रहे पिता जब बाहर निकले तो उनपर भी हमला कर दिया।
आवाज देने पर गांव के लोग जुट गए। भीड़ जुटाने पर हिम्मत दिखाते हुए युवती ने आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। गांववालों के सूचना देने पर पहुंचे सरहरी चौकी प्रभारी खुर्शीद खान आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आए। तहरीर देने के लिए युवती के पिता को बुलाने के बाद उन्हें भी वहीं बैठा लिया गया। एसओ गुलरिहा सुनील सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।