गोरखपुर। दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद शातिर टोनी ओझा के खिलाफ आर्यन हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर डीपी सिंह से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने घटना की जानकारी तिहाड़ जेल के अधिकारियों को देने के साथ ही पत्र की फोटो कापी भी भेजी है। डॉक्टर की सुरक्षा में सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है।
दाउदपुर स्थित आर्यन हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर डीपी सिंह ने बृहस्पतिवार की सुबह कैंट थाने में तिहाड़ जेल में बंद टोनी ओझा के नाम से एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगे जाने की चिट्ठी के साथ ही तहरीर दी। इस पर कैंट पुलिस ने टोनी के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज करने के साथ ही इसकी जानकारी तिहाड़ जेल के अधिकारियों को दे दी।
डॉक्टर डीपी सिंह ने कारोबारी अदावत और अस्पताल की ख्याति से जलन रखने वाले लोगों के इस मामले में शामिल होने का संदेह जताया है। कैंट पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम मामले की छानबीन में जुटी है। ऐहतियात के तौर पर डॉक्टर के साथ ही अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रंगदारी मांगने वाले ने डॉक्टर को लिखी चिट्टी में 22 अप्रैल की दोपहर दो बजे तक रुपये न मिलने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।