फिल्मी अंदाज में बदमाशों ने दिया लूट को अंजाम
बैंक में घुसते ही कर्मचारियों और ग्राहकों को आतंकित कर हाथ ऊपर करा दिए
काउंटर में कैश कम मिलने पर लॉकर खुलवाया और 13 लाख रुपये ले भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा (महराजगंज)। कस्बे के एचडीएफसी बैंक में गुरुवार को बदमाशों ने एकदम फिल्मी अंदाज में लूट की घटना को अंजाम दिया। चारों बदमाशों ने अपना चेहरा ढक रखा था। तीन ने हेलमेट लगाया था, जबकि एक ने रुमाल और टोपी लगा रखी थी। चारों बदमाशों ने दोनों हाथों में असलहे लेकर लोगों को डराकर उनके हाथ ऊपर करा दिए। इसके बाद कैशियर को आतंकित कर काउंटर और लॉकर में रखे 13 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
बैंक में दिनदहाड़े लूट की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। रास्तों और वाहनों की सघन जांच शुरू हो गई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस बैंक के अलावा अगल-बगल लगे सीसीटीवी की फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि कुछ पता चल सके। दो बाइक से आए चार बदमाशों ने पहले कर्मचारियों को धमकातेे हुए कैश काउंटर में रखे रुपये अपने बैग में भर लिए। जब उन्हें लगा कि काउंटर में रुपये कम हैं तो उन्होंने लॉकर खुलवाया और उसमें रखा कैश भी उठा लिया और फरार हो गए। लाठी के भरोसे बैंक की रखवाली कर रहा गार्ड चुपचाप देखता रह गया।
बदमाशों के भागने के बाद कुछ देर तक बैंक कर्मचारी दहशत के कारण कुछ बोल नहीं पा रहे थे। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में फरेंदा कस्बा छावनी में तब्दील हो गया। एडीजी दावा शेरपा, आईजी जयनरायन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ला, सीओ अशोक कुमार मिश्रा भारी संख्या में पुलिस फोर्स और स्वाट टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग भी की पर बदमाशों का पता नहीं लग सका। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की भी खंगाल रही है। एसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि जांच की जा रही है। बदमाश जल्दी पकड़ लिए जाएंगे।
पहले भी हो चुकी हैं लूट की घटनाएं
फरेंदा। क्षेत्र में हालिया दिनों में लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन पुलिस किसी का भी पर्दाफाश नहीं कर सकी। गुरुवार को तो बदमाशों ने दिनदहाड़े एचडीएफसी बैंक में 13 लाख की लूटपाट कर पुलिस को खुली चुनौती ही दे डाली।
कस्बे में सितंबर 2018 में मिल के गेट के बगल में गोली मारकर सराफा व्यापारी से लूट का प्रयास किया गया था। इस मुद्दे पर जब व्यापारियों ने नाराजगी जताई और प्रदर्शन किया तब पुलिस ने पर्दाफाश तो कर दिया, लेकिन इसपर भी लोगों ने सवाल खड़े किए। इसी वर्ष मार्च में सिधवारी के विश्रामपुर चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक चर्तुुुभुजी को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब तक इस घटना का भी पर्दाफाश नहीं कर सकी है।