खेत में गई किशोरी के साथ छेड़खानी, तीन पर केस
गोरखपुर। उरुवा इलाके के एक गांव में तीन युवकों द्वारा 17 साल की किशोरी के साथ छेड़खानी की शिकायत की गई है। थाने में दर्ज केस के मुताबिक खेत में जाने के दौरान रविवार की रात तीनों युवकों ने किशोरी के साथ अश्लील हरकत की। किशोरी के चिल्लाने पर बड़ी बहन पहुंची तो सभी भाग निकले। पुलिस ने सोमवार की दोपहर आरोपी किफायत उल्लाह, मैनूद्दीन और सवरान पर छेड़खानी, धमकी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
कुईं बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक किशोरी रविवार की रात खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान तीनों युवक आ गए और गलत नीयत से मुंह दबाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। किसी तरह से खुद को बचाते हुए किशोरी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। थोड़ी ही दूर पर खड़ी बड़ी बहन भागकर पहुंच गई । बड़ी बहन को आता देख सभी आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घर पहुंचकर बहनों ने आपबीती बताई। पुलिस के मुताबिक सोमवार की सुबह पीड़ित लकड़ी के पिता ने थाने में सूचना दी। इसके बाद केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की गई है। सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।
पिता ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया
पीड़ित किशोरी के पिता का आरोप है कि रात में पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था, मगर पुलिस रात से ही मामले को रफा दफा करने की कोशिश में लगी रही। सोमवार की सुबह जबरन तहरीर बदलने का दबाव बनाया गया, फिर बोलकर तहरीर लिखवा दी गई। इसके आधार पर केस दर्ज किया गया है। पिता का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर से दो आरोपियों के नाम निकलवाए और मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने कहा कि दो आरोपी नाबालिग हैं, उनका नाम शामिल ना करो। हालांकि उरुवा थानेदार ने आरोपों को निराधार बताया है। थानेदार के मुताबिक पिता की तहरीर के आधार पर ही केस दर्ज किया गया है।