जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को अब जांच के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उनके लिए अब 24 घंटे पैथोलॉजी खुली रहेगी। 18 जनवरी से मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी। साथ ही इमरजेंसी मरीजों को एक्सरे की सुविधा भी दी जाएगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने लैब टेक्नीशियन की ड्यूटी चार्ट नए सिरे से तैयार कर ली है।
जिला अस्पताल में अभी तक सिर्फ ग्यारह बजे तक ही पैथोलॉजी खुली रहती है। इसके कारण रात में डॉक्टर यदि किसी मरीज को जांच को लिख देते हैं तो उन्हें अगले दिन का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के लिए यह फैसला बेहद ही राहत भरा है। हालांकि ओपीडी के मरीजों के लिए पुरानी व्यवस्था के तहत 11 बजे तक ही पैथोलॉजी खुलेगी।
भर्ती होने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा एनएबीएच (नेशनल एक्रीडिसेन बोर्ड ऑफ हॉस्पिटल) के तहत शुरू की जा रही है। एनएबीएच में अस्पताल का चयन हुआ है और मार्किंग में कोई कमी न रह जाए इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने अभी से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
भर्ती मरीजों को जांच के लिए परेशान न होना पड़े इसलिए इसकी शुरुआत की जा रही है। 18 जनवरी से अस्पताल की पैथोलॉजी 24 घंटे खुली रहेगी। इससे भर्ती मरीजों को रात के वक्त जांच के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
- डॉ. एचआर यादव, एसआईसी