मनरेगा योजना में गलत फीडिंग से नाराज जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी पर मिठौरा ब्लॉक में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर राजू मद्धेशिया ने जूतों से पीटने का आरोप लगाया है।
मनरेगा योजना के तहत ब्लॉक में ऑपरेटर पद पर राजू मद्धेशिया की तैनाती है। वर्ष 2018-19 में मनरेगा योजना से जो कार्य कराए गए थे। उसका भुगतान नहीं हो सका था। योजना में 60 फीसद धनराशि श्रमिकों पर व 40 फीसद धनराशि सामग्री पर व्यय किए जाने का नियम है। इसी के तहत भुगतान किया जाता है। धनराशि न होने पर पिछले वित्तीय वर्ष का भुगतान नहीं हो पाया था।
राजू के मुताबिक सप्ताह भर पूर्व धनराशि आई तो आवश्यक कार्रवाई को पूरा कराते हुए उसे फीडिंग के लिए दिया गया। फीडिंग करने में 60 फीसद भुगतान सामग्री पर तथा 40 फीसद भुगतान श्रमिकों पर हो गया। इससे नाराज डीडीओ व प्रभारी बीडीओ जगदीश त्रिपाठी, उपायुक्त मनरेगा उपेंद्र पाल व डीसी एनआरएलएम रवींद्रवीर यादव के साथ मंगलवार की शाम ब्लॉक कार्यालय पहुंचे तथा उसे फोन कर बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो भड़के डीडीओ ने जूतों से उसकी पिटाई कर दी।
पिटाई से आहत राजू ने उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि वे कोतवाली क्षेत्र में मोहर्रम के ड्यूटी में तैनात रहे। साजिश के तहत मुझे फंसाने व मेरी छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, ब्लॉक में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरो में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।