जिला अस्पताल में लंबे समय से खराब पड़ी सीटी स्कैन मशीन बन गई है। इसके बाद शनिवार से जांच भी शुरू हो गई, जिससे मरीजों ने राहत की सांस ली। जिला अस्पताल में गोरखपुर के अलावा अन्य जिलों के मरीज भी सीटी स्कैन कराने आते हैं। करीब महीने भर पहले मशीन के खराब हो जाने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
जिला अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन वर्षों पुरानी है। महीने भर पहले यह खराब हो गई थी। जिला अस्पताल प्रशासन ने अनुबंधित फर्म को मशीन की मरम्मत के लिए कहा तो उसने बकाया भुगतान न मिलने का हवाला देकर मशीन सही करने से मना कर दिया, जिससे यह खराब ही पड़ी रही। कुछ दिनों पहले फर्म को जब बकाए का भुगतान किया गया, तब जाकर इंजीनियरों ने मशीन की मरम्मत की, जिसके बाद शनिवार को फिर से सीटी स्कैन शुरू की जा सकी।