मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में शुक्रवार को समय से डॉक्टर के न पहुंचने पर हंगामा हो गया। इसी बीच किसी ने सीएमओ को फोन कर हंगामे की जानकारी दे दी, मगर सीएमओ के जवाब ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया। सीएमओ ने गैर जिम्मेदाराना तरीके से कहा, ‘मैं क्या कर सकता हूं?’ बाद में दूसरे डॉक्टर के आने पर पोस्टमार्टम शुरू हुआ और लोग शांत हुए।
शुक्रवार को सात लाशें पोस्टमार्टम हाउस में रखे थे। पोस्टमार्टम के लिए बरही पीएचसी के डॉ. सुशील कुमार की ड्यूटी लगी थी। मगर उन्होंने ड्यूटी पर आने से ही मना कर दिया। इसकी जानकारी जैसे ही मृतकों के घरवालों को हुई तो वे हंगामा करने लगे। मौजूद कर्मचारी ने समझाने की कोशिश की, मगर वे जल्द पोस्टमार्टम करने की मांग पर अड़े हुए थे। इसी बीच किसी ने सीएमओ को फोन कर जानकारी दी, मगर सीएमओ ने पूरा मामला जानने के बाद जो जवाब दिया, उससे यह समझ में आ गया कि आखिर उनके डॉक्टर समय से क्यों ड्यूटी पर नहीं पहुंचते हैं। उन्होंने पूरे मामले से ही पल्ला झाड़ लिया। लोगों के गुस्से को देखते हुए जब कर्मचारी ने सीएमओ से संपर्क साधा, तब दूसरे डॉक्टर विशाल सिंह को आनन-फानन में भेजा गया और पोस्टमार्टम शुरू हुआ।