गगहा। गगहा थाना क्षेत्र के रियांव गांव के श्रीरामपुर टोले में मामा-भांजे को गोली मारी गई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घायल के घरवालों की तहरीर पर पुलिस ने हिट्रीशीटर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
श्रीरामपुर टोला निवासी राजेश (30) और मिश्रौली टोला प्रसादीपुर निवासी राजू (20) मामा-भांजे हैं। दोनों बुधवार की शाम चार बजे के करीब घर के बरामदे में बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र यादव अपने साथियों के साथ उसके दरवाजे पर चढ़ आया और उन्हें गाली देने लगा। इसका विरोध करने पर उसने गोली चला दी। जिससे मामा-भांजे घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर गांव से फरार हो गए। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। श्रीरामपुर निवासी पोस्टमैन रविंद्र यादव की करीब 18 साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया था। तभी से रविंद्र यादव के परिवार का सुरेंद्र यादव से विवाद चलता है। सुरेंद्र यादव के पुत्र का राजेश से अच्छी दोस्ती है। इसीलिए सुरेंद्र उससे रंजिश रखने लगा था। आरोप है कि इसी रंजिश में उसने उस पर हमला किया है।