कैंट क्षेत्र के बेतियाहाता के पास पार्क से लौट रही महिला को झाड़-फूंक का झांसा देकर तीन जालसाजों ने सोने की चेन, बॉली और अंगूठी ठग ली। घर आकर महिला को ठगी का एहसास हुआ तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पास में एक कपड़े की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। इसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। तीन में से दो ठगों की तस्वीर साफ हो गई है, जिसकी पहचान कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कैंट क्षेत्र के अलहदादपुर निवासी सरस्वती देवी पत्नी स्व. राजदेव मौर्या रोजाना ही प्रेमचंद्र पार्क में सुबह टहलने जाती हैं। बुधवार की सुबह साढ़े पांच बजे के करीब वह घर से निकली थीं और टहलने के बाद पैदल ही घर लौट रही थीं। रास्ते में टीडीएम इंटर कॉलेज तिराहे के पास तीन बाइक सवार मिले और सरस्वती देवी को रोक लिया। ठगों ने कहा कि वे झाड़-फूंक से कमर और पैर का दर्द पूरी तरह से ठीक कर देते हैं। सरस्वती देवी ने इंकार किया लेकिन तीन युवकों ने उन्हें हाथ पैर जोड़कर रोक लिया। एक ठग ने कहा कि कान की बॉली, चेन और अंगूठी को निकाल लें। इसके बाद एक कागज देकर कहा कि इसी में मोड़कर अपने पास ही रख लें और घर जाकर इसे गंगा जल से धोकर दोबारा पहने। इसके बाद सभी तकलीफों से आराम हो जाएगा।
सी बीच दूसरे ठग ने कहा कि कागज को दें उसे झाड़ दूं। इतने में ही उसने कागज बदल दिया और महिला उसे लेकर सरस्वती देवी चली आईं। घर पर जब गहने को गंगा जल से धोने के लिए खोली तो उसमें जेवर नहीं था। यह देखकर उनके होश उड़ गए और बेटे को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।