गोला। पांडेयपुर गांव के पास रविवार की शाम युवकों ने गोला से घर लौट रहे दो युवकों पर हमला कर दिया। गंभीर हाल में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो दिन पहले युवकों के बीच विवाद हुआ था। पीड़ित के घरवालों ने जानलेवा हमला कर रुपये और चेन लूटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
बेलनापार और पांडेयपुर गांव के युवकों में दो दिन पहले क्रिकेट मैच हुआ था। इस दौरान रन आउट को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इसकी वजह से खेल पूरा नहीं हो सका। उस समय दोनों गांवों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। बेलनापार के नवनीत तिवारी (21) और सत्यवान (25) रविवार को गोला गए थे। शाम को बाइक से घर लौट रहे थे कि रास्ते में पांडेयपुर गांव के युवकों ने दोनों को घेर लिया।
आरोप है कि पिटाई करने के बाद दोनों पर चाकू से हमला कर लिया। गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर घटना की सूचना पुलिस को दी। परिवार के लोग दोनों को लेकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां से डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद से दोनों गांव में तनाव है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।