पिटाई की घटना के विरोध में छात्रों ने सड़क जाम कर दिया।
- फोटो : Amar Ujala
फलमंडी चौकी के सामने बाइक टकराने के मामूली विवाद में मनबढ़ों ने इंजीनियरिंग छात्रों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। बीच सड़क पर गुंडई देख आसपास के दुकानदार भी भागने लगे। राहगीरों में भगदड़ मच गई तो वहीं किसी तरह खुद को बचाकर छात्रों ने अपने साथियों और घरवालों को सूचना दी। जिसके बाद बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों ने चौकी के सामने हाइवे जाम कर दिया। सूचना पाकर पहुंची ने समझा बुझाकर रास्ता खाली कराया। करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। उधर, छात्रों ने कैंट थाने में तहरीर दे दी है।
पादरी बाजार के आशुतोष मिश्रा अपने सहपाठी अनुराग सिंह के साथ गीडा स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़कर लौट रहे थे। अभी वह फलमंडी के पास पहुंचे थे कि वहां पर एक बाइक से उनकी हल्की से टक्कर हो गई। छात्रों के मुताबिक वह जैसे ही आगे बढ़ने की कोशिश किए युवक ने गाली देना शुरू कर दिया। छात्र ने गाली देने से मना किया तो उसने स्थानीय लोगों को बुला लिया और छात्रों की पिटाई शुरू कर दी। सड़क पर छात्रों को ठेला से गन्ना उठाकर मनबढ़ों ने पीटा। उनकी गुंडई देखकर किसी की हिम्मत भी बीच बचाव की नहीं हुई।
छात्रों को पीटने के बाद मनबढ़ फरार हो गए जिसके बाद कॉलेज के अन्य छात्र व घरवाले पहुंच गए। नाराज लोग मनबढ़ों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। सड़क पर धरने की वजह से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि छात्रों की ओर से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।