बांसगांव क्षेत्र में सोमवार की रात खेत की तरफ निकली नाबालिग बहनों के साथ युवकों ने गैंगरेप की कोशिश की। विरोध करने पर पिटाई करने के साथ ही उनके कपड़े फाड़ दिए। आवाज सुनकर पहुंचे रिश्तेदार ने बचाने का प्रयास किया तो उन्हें पीटकर लहूलुहान कर दिया।
इसके पहले कि गांव के लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी फरार हो गए। फोर्स के साथ पहुंचे एसओ ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले। दबाव बनाने के लिए घरवालों को हिरासत में लिया गया है। पीड़ित के भाई कि तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है।
सोमवार की रात आठ बजे एक किशोरी खेत की तरफ निकली थी। इसी दौरान गांव के चार युवकों ने उसे पकड़ लिया। वे अगवा कर उसे खेत की ओर ले जाने लगे। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी छोटी बहन मदद के लिए पहुंची तो युवकों ने उसे भी पकड़ लिया। दोनों ने जब बचने की कोशिश की तो पिटाई करने के साथ ही उनके कपड़े फाड़ दिया।
दोनों बहनों का शोर सुनकर पहुंचे रिश्तेदार ने बचाने का प्रयास किया तो युवकाें ने उन्हें पीटकर लहूलुहान कर दिया। बहनों की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग खेत की तरफ दौड़े, मगर इसके पहले आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर बांसगांव के एसओ बृजेश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पीड़ित से घटना की जानकारी लेने के बाद आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे नहीं मिले। दबाव बनाने के लिए पुलिस ने आरोपी के परिवार वालों को हिरासत में लिया है। सोमवार की सुबह थाने पहुंचे पीड़ित के भाई ने गांव के सोनू और इस्ताक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है।
बेटे के साथ रिश्तेदारी में गए थे मां - बाप
सोमवार को किशोरी की रिश्तेदारी में शादी थी। भाई के साथ उसके मां-बाप भी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर दोनों बहनें अकेली थीं। घटना की जानकारी होने पर देर रात सभी लोग घर लौट आए। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सिपाहियों को तैनात किया गया है।