नगर आयुक्त के नाम पर एक जालसाज द्वारा 20 से अधिक पार्षदों को फोन कर ढाई से तीन लाख रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है। पार्षदों ने जब इसकी जानकारी नगर आयुक्त को दी तो हड़कंप मच गया। जालसाज ने कुछ पार्षदों से उनके अकाउंट नंबर के बारे में भी पूछताछ की और उसका नंबर भी मांगा।
वार्ड नंबर पांच के पार्षद प्रतिनिधि सुभाष सिंह बघेल के पास बुधवार सुबह 8479894964 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह नगर प्रमुख बोल रहा है। पार्षद ने जब पूछा कौन नगर प्रमुख, तो जालसाज ने कहा कि नगर आयुक्त बीएन सिंह बोल रहा हूं। भतीजे की तबीयत बहुत खराब है, इसलिए तीन लाख रुपये उनके खाते में जमा करवा दें। इसके बाद रणंजय सिंह जुगनू, चंद्रभान, सत्येंद्र सहित बीस पार्षदों के पास भी उसी नंबर से फोन आया।
पार्षद विष्णुकांत को फोन कर जालसाज ने उनका अकाउंट नंबर भी मांगा, जब विष्णुकांत ने इस बारे में पूछताछ की तो जालसाज ने बताया कि उनका अकाउंट नंबर जानने के बाद वह अपना अकाउंट नंबर बताएगा, जिसमें उन्हें तीन लाख रुपये ट्रांसफर करने हैं। बुधवार दोपहर में जब पार्षदों ने इसकी शिकायत नगर आयुक्त बीएन सिंह से की, तो यह सुनकर वह हैरान हो गए। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी है। नगर आयुक्त ने बताया कि इस संबंध में वह विधिक राय लेंगे उसके बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।
पहले भी हुआ था इस तरह का मामला
गोरखपुर के पूर्व कमिश्नर जेपी गुप्ता के नाम से एक जालसाज ने देवरिया के एसडीएम और गोरखपुर के एक अधिकारी से रुपये मांगे थे। हालांकि इस मामले में पुलिस अब तक यह पता नहीं कर सकी थी कि फोन करने वाला व्यक्ति कौन था।