डुमरी खास में दो युवकों को जिंदा जलाकर मारने की घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार की रात गिरफ्तार किया। बृहस्पतिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से पुलिस को चोरी की बाइक, पिस्टल और तमंचा मिला।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार 10 अक्टूबर की रात डुमरी खास गांव में फैक्ट्री के बरामदे में सो रहे संतोष और नर्मदा पर पेट्रोल डालकर बदमाशों ने आग लगा दी। संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। इलाज के बीच नर्मदा की लखनऊ के एक अस्पताल में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने चुनावी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए प्रधान मुन्नी देवी के पति राधेश्याम मौर्य, बेटे ओम प्रकाश उर्फ शिवम, सोनबरसा के प्रधान प्रतिनिधि अजीत यादव और चार अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
प्रधान और उनके बेटे को पुलिस ने घटना के दूसरे दिन गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी अजीत फरार चल रहा था। बुधवार की रात एसओ सदानंद सिंह ने अजीत के अलावा उसके साथी रक्षवापार निवासी मनीष, छपरा मंसूर के अशरफ को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक पिस्टल, दो तमंचा, तीन कारतूस और चोरी की एक बाइक मिली। बृहस्पतिवार की दोपहर बाद तीनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।