गुलरिहा इलाके के हाफिजनगर गांव के एक कुएं में युवक की लाश मिली। युवक का सिर कुचलकर हत्या की गई है। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांव के लोग भी एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की, मगर पहचान नहीं हो सकी।
लालचंद निषाद के खेत में कुएं में मिला शव चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि हत्या के बाद शव को कुएं में लाकर फेंका गया है। खेत में बाइक के पहियों के निशान भी मिले हैं। भटहट प्रतिनिधि के मुताबिक युवक नीले रंग की जींस पैंट, काली शर्ट पहने हुए था। क्षेत्र में शव पाए जाने के बाद से तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कोई खेत में हत्या करने की बात बोल रहा है तो कोई दूर से लाकर कुएं में फेंकने की बात बता रहा है। पुलिस ने आसपास के खेतों में जांच की, मगर कहीं खून के निशान नहीं मिले हैं। गुलरिहा पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत कितने दिन पहले हुई है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। जल्द पहचान होने के साथ ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।