टेंपो चालक के घायल होने पर साथियों ने महराजगंज मार्ग जाम कर दिया।
- फोटो : amar ujala
मेडिकल कॉलेज स्टैंड पर शनिवार सुबह सिपाही की पिटाई से एक टेंपो चालक का सिर फट गया। इससे आक्रोशित साथी चालकों ने गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर टेंपो खड़ाकर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी के बाद पहुंचे एसओ गुलरिहा, सीओ गोरखनाथ ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया।
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर गांव के रहने वाले मोहम्मद हुसैन मेडिकल कॉलेज से धर्मशाला रूट पर टेंपो चलाते हैं। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे वह स्टैंड पर टेंपो खड़ाकर सवारी भर रहे थे। इसी बीच वहां जाम लगने के कारण चौकी से पहुंचा सिपाही जनक यादव टेंपो हटाने लगा। मोहम्मद हुसैन के टेंपो न हटाने पर सिपाही ने डंडा चला दिया, जिससे उसका सिर फट गया। घटना की जानकारी होने पर स्टैंड पर मौजूद साथी टेंपो चालकों ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपी सिपाही पर कार्रवाई की मांग करते हुए गोरखपुर-महराजगंज मार्ग जाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे एसओ गुलरिहा राकेश यादव ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। तब तक सीओ गोरखनाथ डीएन शुक्ल भी वहां पहुंच गए। उन्होंने टेंपो चालकों को आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर चालकों ने रास्ता खाली किया। इस बीच करीब आधे घंटे तक आवागमन अवरुद्ध रहा। टेंपो चालक ने आरोपी सिपाही के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ गोरखनाथ डीएन शुक्ल ने बताया मामले की छानबीन चल रही है।