सहजनवां के कोहरभार में चोरमा नाले से मिले छात्र की हत्या गला दबाकर की की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुुई है। घरवालों के हत्या का संदेह जताने के बाद भी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कहकर मामला टाल दिया था। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोगों ने छात्र के शव का दाह-संस्कार कर दिया।
शनिवार की देर शाम चोरमा नाले में माट गांव के रहने वाले शत्रुघ्न (20) की लाश मिली थी। घर वालों ने तीन दिन से घर से लापता शत्रुघ्न की हत्या होने का आरोप लगाते हुए गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कहकर मामला टाल दिया। थानेदार बृजेश सिंह ने तहरीर मिलने से इन्कार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शत्रुघभन की मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। उसके गले पर चोट के निशान थे। देर शाम परिवार के लोगों ने उसका दाह-संस्कार कर दिया।
परिवार के लोग प्रधानी चुनाव की रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। गांव में छात्र की मौत को लेकर कई तरह की चर्चा चल रही है। सीओ कैंपियरगंज मनोज पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।