सहजनवां में शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख पद के सपा प्रत्याशी ने नामांकन करने पहुंचे विरोधी पक्ष के उम्मीदवार का पर्चा लूट लिया और विरोध जताने पर समर्थकों की पिटाई भी कर दी। घटना की जानकारी के बाद पहुंचे डीएम, एसएसपी ने पीड़ित का नामांकन कराया। देर शाम पुलिस ने सपा प्रत्याशी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक प्रमुख पद के सपा उम्मीदवार एवं पूर्व प्रमुख रामप्रकाश शुक्ल शुक्रवार की दोपहर दो बजे नामांकन कर मुख्यालय से निकल रहे थे। इसी दौरान नामांकन करने जा रहे कटसरा निवासी सउद अहमद समर्थकों के साथ रास्ते में मिल गए। आरोप है कि रामप्रकाश उन्हें नामांकन करने से रोकने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। इस बीच सपा प्रत्याशी के समर्थकों ने सउद के समर्थक देवरिया गांव निवासी गुड्डन तिवारी की पिटाई कर उनके हाथ से पर्चा छीन लिया।
सूचना पाकर पहुंचे एसओ सहजनवां आरके सिंह सउद को थाने ले आए। इसी बीच उनके कई समर्थक भी वहां पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद डीएम ओएन सिंह, एसएसपी अनंत देव भी फोर्स के साथ सहजनवां थाने पहुंच गए। उन्होंने सउद अहमद का नामांकन कराने के साथ ही उनके घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी। अधिकारियों के निर्देश पर सहजनवां पुलिस ने गुड्डन की तहरीर पर पूर्व प्रमुख एवं सपा उम्मीदवार रामप्रकाश शुक्ल, उनके भाई और अज्ञात समर्थकों पर नामांकन पत्र लूटने का केस दर्ज कर पूर्व प्रमुख को हिरासत में ले लिया।