कैंट थाने में परवेज अख्तर (नीली शर्ट में)। इन्हीं के साथ बैंक रोड पर उचक्कई हुई है।
- फोटो : shivharsh
बैंक रोड पर शनिवार की सुबह उचक्कों ने मनी एक्सचेंजर के 1.05 लाख रुपये उड़ा दिए। दुकान खोलने के बाद बैग में रखे रुपये खूंटी में टांगकर वह सफाई कर रहे थे। घटना की जानकारी पड़ोस के दुकानदारों ने उन्हें दी। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पूरी घटना आसपास के दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस उचक्कों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
हजारीपुर, हनुमान मंदिर के पास रहने वाले परवेज अख्तर उर्फ राजू की बैंक रोड पर लाहिडी कंपाउंड में इंडियन मनी एक्सचेंजर के नाम से दुकान है। वह कटे-फटे नोट बदलने का काम करते हैं। शनिवार सुबह नौ बजे परवेज दुकान खोलने के बाद खूंटी में बैग टांगकर दुकान के आगे सफाई कर कर रहे थे। इसी बीच पहुंचे दो युवक बैग लेकर भाग निकले। यह देखकर बगल की दुकान पर काम कर रहे नजीर ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
परवेज ने उचक्कों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भाग निकले। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करने के बाद पीड़ित को लेकर थाने पहुंची। परवेज ने इंस्पेक्टर कैंट राजीव सिंह को बताया कि बैग में 1.05 लाख रुपये थे। आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस उचक्कों की पहचान करने की कोशिश में लगी है।
सीओ कैंट अभय मिश्रा ने बताया की परवेज की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करेंगे।