बड़हलगंज क्षेत्र में नाबालिग साली को बंधक बनाकर दुराचार का मामला सामने आया है। किशोरी के गर्भवती होने पर घरवालों को इसकी जानकारी हुई। पुलिस के मुकदमा दर्ज नहीं करने पर घरवाले बुधवार को एसपी ग्रामीण से मिले। उन्होंने बड़हलगंज पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। बड़हलगंज पुलिस ने आरोपी जीजा को हिरासत में ले लिया है।
बड़हलगंज क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की की शादी 2013 में बांसगांव क्षेत्र में हुई थी। 2014 में उसके गर्भवती होने पर छोटी नाबालिग बहन को देखरेख के लिए बुलाया गया था। इस दौरन जीजा के छोटे भाई से बहन की नजदीकियां बढ़ गईं। किशोरी का आरोप है कि 27 सितंबर 2015 को एक प्राइवेट अस्पताल में काम करने वाले जीजा का छोटे भाई बहला फुसलाकर उसे गोरखपुर ले आया था। रुस्तमपुर में तीन दिनों तक रखकर उसने दुराचार किया। इसके बाद उसने दिल्ली में रहने वाले बड़े भाई के पास पहुंचा दिया। जहां उसके जीजा ने तीन महीने तक बंधक बनाकर उसके साथ दुराचार किया।
जब वह गर्भवती हो गई तो उसे दिल्ली से गोरखपुर ले आया गया और गोला क्षेत्र में छोड़ दिया गया। किशोरी ने घटना की जानकारी अपनी बहन और घरवालों को दी। इसके बाद बहन ने बड़हलगंज पुलिस से शिकायत कर पति को पकड़वा दिया। लेकिन आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। कार्रवाई की मांग को लेकर पत्नी बहन के साथ बुधवार को एसपी ग्रामीण बृजेश सिंह से मिली। एसपी ग्रामीण में बड़हलगंज पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच का आदेश दिया है।
आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जीजा के छोटे भाई को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-चौथीराम यादव, एसओ बड़हलगंज