पीपीगंज क्षेत्र में खनन को लेकर इन दिनों दो पक्षों में विवाद बढ़ता जा रहा है। दोनों ही एक-दूसरे पर अवैध खनन का आरोप लगाते हैं। बुधवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट शुरू हो गई। इसकी सूचना एक पक्ष ने करीब में ही निरीक्षण कर रहीं एसडीएम को दे दी। अधिकारी के निर्देश पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तहरीर पर दूसरे पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
पीपीगंज प्रतिनिधि के मुताबिक बुधवार को जंगल बिहूलि के लमुहिया टोले पर ट्रैक्टर-ट्राली से मिट्टी खनन करने एक पक्ष पहुंचा था। इसकी सूचना किसी ने पास के नवोदय विद्यालय में निरीक्षण में पहुंचीं कैंपियरगंज की एसडीएम एवं तहसीलदार को दे दी। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने तहसील के एक राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजा। जहां पर जंगल अगहि निवासी ट्रैक्टर मालिक और उसी गांव के सूचना देने वाले युवक के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों की तरफ से असलहे निकल गए।
मौके पर पहुंचे राजस्वकर्मी ने बीच-बचाव के बाद मामला कराया। इसके बाद गांव में पहुंचने के बाद दोनों पक्ष आपस में फि र भीड़ गए जिसमें चार लोग को चोटें आईं। घटना के बाद राजस्वकर्मी ने घटना की जानकारी अधिकारियों को दे दी। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल बिहूलि निवासी ट्रैक्टर चालक लक्ष्मण पुत्र भूलन की तहरीर पर शिवमूरत यादव, सुनील, अनिल के खिलाफ हरिजन उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने का केस दर्ज किया।