किराना व्यापारी से लूट में असफल कोशिश के बाद शनिवार को लुटेरों ने सर्राफा कारोबारी के दुकान पर धावा बोल दिया। बाइक सवार तीन बदमाश दुकान में दाखिल हुए और तमंचा निकाल लिया। व्यापारी ने हाथापाई की, मगर बदमाश सामने रखी दो सोने की चेन लूट ले गए। व्यापारी के शोर मचाने पर खुद को घिरता देखकर बदमाश बाइक से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस की माने तो पुराने विवाद में मारपीट हुई है, जिसे लूट बताया जा रहा है।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के मुताबिक मुंडेरा वार्ड नंबर दस निवासी अमित वर्मा की मुंडेरा के मछली मार्केट में आभूषण और बर्तन की दुकान है। शनिवार की देर शाम वह दुकान का मेन शटर बंद कर अंदर काम निपटा रहे थे। तभी एक बाइक से तीन बदमाश आ गए। दो बदमाश तमंचा लिए दुकान के अंदर दाखिल हो गए। व्यापारी ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों से भिड़ गया। हाथापाई होने लगी और व्यापारी शोर मचाने लगा। बदमाश वहां रखी दो चेन लेकर भाग गए। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को व्यापारी ने एक नाम भी बताया है। इसके बाद ही पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चौरीचौरा के राघोपुर के किराना व्यवसायी अशोक कुमार चौरसिया से लूट में असफल होने पर गोली मारने के मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने व्यापारी अशोक के पुत्र विनय के तहरीर पर तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि शुक्रवार को दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे अशोक को बदमाशों ने गोली मार दी थी। अशोक को तमंचा सटाकर पहले बदमाशों ने गल्ले की रकम मांगी थी, विरोध करने पर गोली मारी थी।