शाहपुर और गोरखनाथ पुलिस के साथ मिलकर क्राइम ब्रांच ने लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट की कई घटनाओं का खुलासा किया है। पकड़े गए बदमाशों को अलग-अलग थानाें पर रखकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
गोरखनाथ, लच्छीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले प्रेम श्रीवास्तव पर हमला कर बदमाशों ने 9 नवंबर की रात 3,700 रुपये लूट लिए थे।
वारदात के समय प्रेम दुकान बंदकर भतीजे के साथ रात 11:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। मामले की छानबीन कर रही पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गोरखनाथ क्षेत्र में रहने वाले शातिर लुटेरे अंकुश भारती और उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने कई और बदमाशों को भी गिरफ्तार किया है।
इन लोगों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल करने के साथ ही 24 सितंबर की रात राप्तीनगर, फेज फोर के रहने वाले चंदन वर्मा (35) को गोली मार 100 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी लूटने की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। पूछताछ में पुलिस को इस गैंग में 16 लुटेरों के शामिल होने की जानकारी मिली है। जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पकड़े गए बदमाशों से शाहपुर, चिलुआताल, गोरखनाथ और तिवारीपुर थाने में पूछताछ चल रही है। पुलिस इनके कई अन्य घटनाओं में भी शामिल होने की बात कह रही है।