गोलघर में शनिवार की रात मिठाई लेने आए पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार को झांसा देकर उचक्के रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। दुकान पर पहुंचते ही उनके कॉलर में खुजली वाला पाउडर डाल दिया था। बैग में चार लाख रुपये थे। इससे पहले दुकान के पास ही एलडीए के कर्मचारी को झांसा देकर कार में रखा बैग उठा ले गए जिसमें 12 हजार रुपये और लैपटॉप था। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस को दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध दिखे है जिनकी तलाश चल रही है।
बेतियाहाता के रहने वाले राजन चंद पीडब्ल्यूडी में ठेकेदार है। शनिवार की रात आठ बजे गोलघर में स्थित गणेश होटल से मिठाई खरीदने गए थे। गेट पर ही उचक्कों ने उनके कॉलर में खुजली वाला पाउडर डाल लिया। अंदर जाने पर वॉशरूम में जाकर उन्होंने खुजली की लेकिन ठीक नहीं हुआ। बाहर निकलते के ही पीछे से आए उचक्के ने पांच सौ की नोट देते हुए जेब से गिरने की जानकारी दी। खुजली से परेशान राजन मिठाई लेकर सड़क पर खड़ी इनोवा में एसी चालू करके बैठ गए। इसी बीच पहुंचे दूसरे उचक्के ने नीचे नोट गिरे होने की जानकारी दी। दरवाजा खोलकर जैसे ही वह रुपये उठाने के लिए झुके उचक्का सीट के बगल में रखा बैग लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी राजन ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर कैंट को उन्होंने बताया कि बैग में चार लाख रुपये थे।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस को पांच संदिग्ध दिखे जिसमें दो की राजन ने पहचान कर ली। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इससे पहले सिविल लाइंस में रहने वाले विनोद श्रीवास्तव अपनी कार से साढ़े सात बजे गणेश में मिठाई लेने गए थे। मिठाई लेकर लौटते समय जैसे ही कार में बैठे पता पूछने के बहाने एक युवक ने उनका ध्यान बंटा दिया। बातचीत के बाद विनोद ने सीट की तरफ देखा तो उनका बैग गायब था जिसमें 12 हजार रुपये और लैपटॉप थे। विनोद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में तैनात है। पुलिस दोनों की घटना में एक ही गैंग के शामिल होने की बात कह रही है। इंस्पेक्टर बृजेश वर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।