शादी का झांसा देकर रिश्तेदार की लड़की से शारीरिक संबंध बनाने वाले युवक पर जब एफआईआर के बाद पुलिस ने दबाव बनाया तो वो न सिर्फ शादी के लिए राजी हो गया बल्कि उसने भविष्य में भी युवती को प्रताड़ित न करने का बचन दिया। पुलिस ने भी दोनों के घर वालों को राजी कर थाने में ही जयमाल डलवा दिया। शादी के गवाह बने आसपास के लोग और पुलिस वाले। लोग पुलिस की इस पहल की सराहना करते नजर आए।
चौरीचौरा के एक युवक ने रिश्तेदारी की लड़की से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। जब लड़की गर्भवती हो गई तो उसने शादी से इंकार कर दिया। प्यार के झांसे में आकर सब कुछ गंवा चुकी लड़की फरियाद लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने इस मामले में 28 दिसंबर को बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया। साथ ही युवक की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने लगी। पुलिस से घिरा देख आरोपी युवक खुद ही थाने पहुंच गया। पुलिस के समझाने और सख्ती करने पर वह शादी के लिए भी राजी हो गया।
बुधवार को पुलिस ने दोनों के घरवालों से संपर्क किया और उनके राजी होने के बाद दोनों की शादी करा दी। शादी के बाद जहां युवक को जलालत की जिंदगी से मुक्ति मिल गई वहीं युवती की गृहस्थी भी बस गई।