झंगहा इलाके में एक मूकबधिर युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवक के चंगुल से छूटने के बाद घर पहुंची युवती ने भाभी को इशारे में घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों थाने पहुंचे, जहां कार्रवाई करने की जगह पुलिस ने पीड़ित को ही थाने से भगा दिया। बुधवार को एक जनप्रतिनिधि के आगे आने के बाद मामला मीडिया में आया, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई है। पुलिस अब जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दे रही है।
इलाके के एक गांव में पीड़ित युवती अपनी भाभी के साथ रहती है। भाई बाहर रहकर काम करता है। घरवालों के मुताबिक रविवार की सुबह करीब आठ बजे युवती घर से निकली थी, गांव के एक युवक ने खाली मकान में उसे बंधक बना लिया। उधर ननद को घर और आसपास न देख भाभी उसकी तलाश में करने लगी। करीब 11 बजे युवती युवक के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और इशारों में पूरी घटना भाभी को बताई। आरोपी की पहचान के लिए वह पीड़ित को लेकर गांव में निकल गई। उसने इशारे में भाभी को आरोपी की पहचान कराई।
इसके बाद दोनों थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मदद करने की जगह पीड़ित को ही थाने से भगा दिया। बुधवार को एक जनप्रतिनिधि के साथ महिला गोरखपुर पहुंचकर पत्रकारों से मिली और आपबीती बताई। भनक मिलते ही झंगहा पुलिस भी गोरखपुर पहुंच गई और युवती को कार्रवाई के लिए साथ ले गई। इंस्पेक्टर रामविलास यादव का कहना है कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।