कैंपियरगंज पुलिस की पहल पर थाने में शादी करने वाले रेप के आरोपी ने युवती को छोड़ दिया है। आरोप है कि उसने गर्भपात भी करा दिया। सोमवार को थाने पहुंची पीड़ित ने तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र की रहने वाली युवती से गांव के युवक ने रेप किया था। घरवालों को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देता था। गर्भ ठहरने पर परिवार के लोगों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने थाने आकर तहरीर दी। पुलिस के दबाव में 23 अप्रैल को आरोपी ने थाने में पुलिस के सामने युवती से शादी कर ली।
युवती का आरोप है कि घर ले जाने के बाद रेप का आरोपी प्रताड़ित करने लगा। तबीयत बिगड़ने पर चौराहे पर मेडिकल स्टोर चलाने वाले को बुलाकर गर्भपात करा दिया।
युवती से की छेड़छाड़, घरवालों को पीटा
सहजनवां क्षेत्र में शनिवार की शाम खेत की तरफ निकली युवती के साथ मनबढ़ ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर हाथापाई करके फरार हो गया। सूचना देने पर रविवार की सुबह इलाहाबाद से युवती का भाई घर पहुंचा। थाने जाते समय आरोपी ने भाई के साथ उसे घेरकर पिटाई कर दी। बीच - बचाव में आई बहन और उसकी मां पर असलहा तान दिया। आरोपी और उसके भाई पर केस दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी है।
क्षेत्र की रहने वाली युवती शनिवार की शाम पांच बजे बगीचे की तरफ गई थी। आरोप है कि सहबाजगंज वार्ड नंबर दो के रहने वाले आनंद शुक्ला ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर हाथापाई करने के साथ ही धमकी देने लगा। घर पहुंचकर युवती ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। सूचना मिलने पर इलाहाबाद में रहने वाला युवती का भाई रविवार की सुबह घर पहुंचा। दोपहर बहन के साथ सहजनवां थाने जाने के लिए निकला तो रास्ते में आनंद ने अपने बड़े भाई अजय के साथ दोनों को रोक लिया।
थाने जाने पर दोनों जान से मारने की धमकी देन लगे। बात न मानने पर युवती के सामने ही उसके भाई की पिटाई कर दी। बीच - बचाव में आई उसकी मां भी घायल हो गई। आसपास के लोगों ने बीच - बचाव किया। देर शाम बहन को लेकर थाने पहुंचे युवक ने तहरीर दी। आनंद और उसके भाई अजय पर छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।