खजनी इलाके के एक गांव में बारात देखने गई सात साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। गांव के ही 30 वर्षीय युवक ने बहला-फुसलाकर उसके साथ दरिंदगी की। घर वालों ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
खजनी प्रतिनिधि के मुताबिक खजनी, उनवल चौकी के एक गांव में बृहस्पतिवार को बारात आई थी। बारात देखने के लिए सात साल की बच्ची भी गई थी। इसी दौरान गांव का पितांबर यादव उसे बहला-फुसलाकर खेत में लेकर चला गया। वहां उसने बच्ची के साथ दरिंदगी की और फरार हो गया। किसी तरह से घर पहुंची बच्ची को तड़पता देख घर वालों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्ची का डॉक्टरी परीक्षण कराया।
उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उसकी हालत नाजुक बता रहे हैं। खजनी थानेदार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से ही वह फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।