पुलिस मैदान बारगाह में शुक्रवार को श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें जिला के करीब 500 युवाओं ने भाग लिया। साक्षात्कार में योग्यता के आधार पर 370 युवाओं का चयन किया गया। जिन्हें ज्वाइनिंग के लिए कंपनी द्वारा कॉल लैटर भी जारी किए गए।
रोजगार मेले में आठवीं से लेकर बीए, एमए पास बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। साक्षात्कार के दौरान कंपनी ने सभी युवाओं को कंपनी की शर्तों व मासिक वेतन के बारे में पहले ही बता दिया ताकि बाद में इस बात को लेकर युवाओं में कोई परेशानी नहीं रहे। साक्षात्कार में 18 वर्ष से लेकर 40 वर्ष के युवाओं को नौकरी दी गई।
रोजगार मेले में नौकरी प्राप्त करने वाले युवाओं की काफी भीड़ जमा हुई। भरमौर, सलूणी, तीसा, डलहौजी, चुवाड़ी व पांगी के युवा नौकरी पाने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे। कंपनी द्वारा रोजगार मेेले में आए युवाओं के लिए बेहतर व्यवस्था की गई। इससे युवाओं को साक्षात्कार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उधर, जिला रोजगार अधिकारी एसआर कपूर ने बताया कि रोजगार मेले में चंबा के 370 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। युवाओं को कंपनी द्वारा ज्वाइनिंग लैटर भी जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।