गोरखपुर। शहर में चोरी छिपे कैसिनो (जुआ घर) चल रहा था। एक रेलवे कर्मचारी अपने ही घर में कैसिनो चला रहा था। पुलिस ने सोमवार की रात कैसिनो में छापा मारकर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से 10 हजार रुपये और एक रिवॉल्वर मिली है। तीन माह से यह लोग शहर में कैसिनो चला रहे थे। रेलवे कर्मचारी खुद जुआ खेलने का शौकीन था। वह काठमांडू के कैसिनो में जाता था। वहीं से उसने तरीका सीखा और शहर में कैसिनो चलाने लगा। खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम दिया है।
मंगलवार की शाम पुलिस लाइंस में प्रेस वार्ता कर एसपी सिटी हेमंत कुटियाल ने बताया कि मियां बाजार हरिजन बस्ती का रहने वाला प्रेम शंकर भारती सेंट्रल रेलवे मुंबई के वर्कशाप में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उसके घर पर तीन माह से कैसिनो चल रहा था। सोमवार की रात कोतवाली प्रभारी आनंद शुक्ला को सूचना मिली तो फोर्स ने प्रेम के घर छापा मारा। घर में कैसिनो का सेटअप था। पुलिस ने जुआ खिलाने वाली मशीन को कब्जे में ले लिया। प्रेम के साथ ही मौके पर मिले मियां बाजार के मुन्नालाल, विजय जायसवाल, मेवातीपुर के हरी कुशवाहा और दाउदपुर के रहने वाले मनीष जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 10 हजार रुपये और रिवाल्वर मिली है। उन्होंने बताया कि रेलवे कर्मचारी प्रेम शंकर जुआ खेलने काठमांडू जाता था। वहीं से कैसिनो चलाने का तरीका सीखने के बाद उसने अपने घर में जुआघर चलाना शुरू कर दिया।
मुनाफे का लालच देकर हड़प लेेते थे रुपये
कैसिनो में 35 गुना मुनाफा होने का लालच देकर रेलवे कर्मचारी प्रेमशंकर व्यापारियों को लुभाता था। जुआ खेलते समय जालसाजी कर रुपये हड़प लेता था। विरोध करने वाले लोगों को धमकाने के लिए उसने रिवाल्वर ली हुई थी। कैसिनो में काफी रुपये हारे एक व्यापारी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसी के बाद कार्रवाई की गई।