नए साल की खुमारी में शराब के नशे में सड़क पर निकले तो जेल हो सकती है। जिले की पुलिस ने 31 जगहों को चिह्नित कर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाई है। एसएसपी ने ड्यूटी तय करने के साथ ही मातहतों को कड़ाई से पालन करने का आदेश जारी कर दिया है। अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एसएसपी रामलाल वर्मा ने सभी पुलिस अफसरों और थानेदारों को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। बताया कि चिह्नित 31 स्थानों पर पुलिस बल के पास मोबाइल बैरियर व ब्रेथ इन लाइजर मौजूद रहेगा। वाहन चालकों की चेकिंग की जाएगी और जो भी नशे में मिलेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं या किसी भी शहरी के साथ कोई भी अप्रिय घटना न होने पाए, इसके लिए तैयारी कर ली गई है। एसएसपी ने साथ ही घर में ही बच्चों के साथ नए साल को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की है। बताया कि पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है और सभी जिम्मेदारों का इस संबंध में आदेश दे दिया गया है।
इन रास्तों पर भारी वाहनों की रहेगी नो इंट्री
0 नए साल के आयोजनों को देखते हुए शहर में भारी वाहनों की इंट्री बंद रहेगी। सभी भारी मालवाहन नो इंट्री प्वाइंट्स पर रात तीन बजे तक रुके रहेंगे।
0 फरेंदा महराजगंज से आने वाले बड़े वाहन कौआबाग, पादरीबाजार, मोहद्दीपुर, अमर उजाला तिराहे से होकर जाएंगी।
0 कुशीनगर, देवरिया से आने वाले बड़े वाहन देवरिया बाईपास, अमर उजाला तिराहा के रास्ते जाएंगे।
0 रोडवेज बसें, अन्य प्राइवेट बसें विश्वविद्यालय चौराहे से पैडलेगंज, अमर उजाला देवरिया बाईपास से होकर जाएंगी।
0 महराजगंज की ओर जाने वाली बसें मोहद्दीपुर, कौआबाग होते हुए खजांची चौक से रवाना होंगी।