बेलघाट इलाके के कटया गांव में प्रेमी युगल पर चाकुओं से जानलेवा हमला करने वाले युवती के तीनों आरोपी भाइयों की तलाश में पुलिस की चार टीमें गोरखपुर और संतकबीरनगर में अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं। दोनों जिलों से सात रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती प्रेमी युगल की हालत में सुधार हुआ है।
शादी के बहाने बुधवार की रात लखनऊ से घर बुलाकर लड़की के भाइयों ने प्रेमी युगल को पहले लाठी से मारा, फिर चाकू से हमला कर अधमरा कर दिया था। आरोपी भाइयों ने लड़के की आंख में मिर्च पाउडर डाल दिया और दोनों को मरा समझकर गांव में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए थे। वारदात की वजह प्रेमी युगल का रिश्ते में मौसेरे भाई-बहन होना बताया जा रहा है। घटना के बाद युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवती के तीनों भाइयों पर केस दर्ज कर लिया था।
घटना के बाद से ही आरोपी और उसके घर वाले फरार हैं। उन्हें पकड़ने में जुटी पुलिस ने पांच रिश्तेदारों के घर दबिश देकर सात लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी है। बेलघाट थानाध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बताया कि आरोपियों के रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। चार टीमें लगी हैं, जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।