गोरखपुर जोन की पुलिस ने समाधान दिवस पर आने वाले मामलों का निस्तारण करने का रिकॉर्ड बनाया है। अब तक आयोजित हो चुके समाधान दिवस में 18 जून को सबसे ज्यादा 3112 मामले आए जिसमें 1936 का निस्तारण उसी दिन कर लिया गया। शेष मामले एक सप्ताह के भीतर निपटाने का निर्देश आईजी ने जिले के पुलिस कप्तान को दिया है।
समाधान दिवस पर इस बार अब तक के सबसे ज्यादा मामले आए। 18 जून को आयोजित समाधान दिवस में गोरखपुर में 772 मामले आए जिसमें 544 का पुलिस ने उसी दिन निस्तारण कर दिया। लंबित 288 शिकायतों का एक सप्ताह के अंदर निस्तारण करने का अधिकारियों ने आदेश दिया है। इसकी तुलना में चार जून को आयोजित समाधान दिवस में गोरखपुर में 677 शिकायतें ही आई थीं। इसमें से 633 का उसी दिन निस्तारण हो गया था। 44 शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। इसके अलावा देवरिया में 164, कुशीनगर में 318, महराजगंज में 180 मामले आए । बस्ती रेंज में 860 और देवीपाटन रेंज में 818 शिकायतें आईं। 3112 में पुलिस ने 1936 का उसी दिन निस्तारण करा दिया। लंबित 1176 मामले एक सप्ताह के भीतर निपटाने का आईजी ने सभी जिले के पुलिस कप्तान को निर्देश दिया है।
सोशल मीडिया पर मिल रही बधाई
समाधान दिवस पर आने वाले मामले का त्वरित गति से निस्तारण कराने पर और इसे व्यवस्थित करने पर आईजी को ट्विटर और फेसबुक पर लोग बधाई दे रहे हैं। बधाई देने वाले लोग प्रभावी तरीके शुरू हुई व्यवस्था के कारण कचहरी में बेवजह की जाने वाली भागदौड़ से लोगों को मुक्ति मिलने की बात कह रहे हैं।
समाधान दिवस पर आने वाले मामले का त्वरित निस्तारण होने से फरियादियों की संख्या बढ़ी है। इस व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लगातार चलाने का निर्देश थानेदारों को दिया गया है। चार जून को जोन में 2752 मामले आए थे। तेजी से निस्तारण होने के कारण 18 जून को फरियादियों की संख्या 3112 पहुंच गई। जोन कार्यालय से निस्तारण के गति और लंबित मामले की निगरानी की जा रही है।
- मोहित अग्रवाल, आईजी जोन