गीडा के सेक्टर 13 में हिंदुस्तान हेचरी के मैनेजर मोनू उर्फ मोहम्मद शादिक से पांच लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घटना में कंपनी के ही किसी कर्मचारी के शामिल होने का संदेह है।
शाहपुर निवासी मोनू उर्फ मोहम्मद शादिक गीडा सेक्टर 13 में हिंदुस्तान हेचरी के मैनेजर हैं। बृहस्पतिवार की रात वह कंपनी की रकम लेकर बाइक से घर जा रहे थे। ऑफिस के पास ही चार बदमाशों ने मैनेजर को रोक लिया। तमंचा दिखाकर बाइक की चाबी निकाल ली और डिकी में रखे पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। तीन घंटे बाद लूट की सूचना पुलिस को दी गई। देर रात एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज भी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। प्रारंभिक छानबीन के बाद ही पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस के मुताबिक लूट में कंपनी का ही कोई व्यक्ति शामिल हो सकता है, क्योंकि मैनेजर रोज कंपनी की रकम लेकर जाते हैं, इसकी जानकारी पहले से ही थी। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने कहा कि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। जल्द की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।