अष्ठधातु की मूर्ति के साथ चोर।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
नेपाल से भगवान बुद्ध की अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर बेचने ले जा रहे चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूर्ति की कीमत पांच करोड़ रुपये के करीब है। एसएसपी रामलाल वर्मा ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम दिया है।
रविवार को कैंट थाने में एसएसपी रामलाल वर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए चोर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पैडलेगंज के पास एसपी सिटी हेमराज मीणा, सीओ कैंट अभय मिश्रा, कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी चेकिंग कर रहे थे। तभी सूचना मिली कि एक शख्स नेपाल से अष्टधातु की मूर्ति चोरीकर बाहर बेचने के लिए गोरखपुर के रास्ते से जा रहा है। टीम ने पैडलेगंज तिराहे पर चेकिंग तेज कर दी। तभी एक ऑटो से एक शख्स उतरा, जो हाथ में पॉलीथिन लिए पैदल ही जा रहा था। पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया और उसके पास से मूर्ति बरामद कर ली।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान महराजगंज के बदवली वासपार पोस्ट के नटवा निवासी नवीउल्लाह उस्मानी के रूप में हुई। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए शख्स के आपराधिक इतिहास के बारे में छानबीन की जा रही है।