मेडिकल कॉलेज में छह दिन पहले डॉक्टर के चेंबर में घुसकर चोरी करने के दौरान रेजीडेंट डॉक्टर पर ब्लेड से वार करने वाले चोर को पुलिस ने श्बाुक्रवार को पकड़ लिया। खुद का हाथ काटकर उसी ब्लेड से डॉक्टर पर वार करने से उपजे एड्स के भ्रम को दूर करने के लिए डॉक्टरों ने चोर का ब्लड सैंपल लेकर जांच को भेज दिया। हालांकि सैंपल लेने के बाद पुलिस ने बिना कार्रवाई के उसे फिर छोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब नजर बचाकर वह कॉलेज में फिर घुसने की कोशिश कर था। गेट पर मौजूद पुलिस चौकी पर ड्यूटी कर रहे एक दरोगा ने जब उसे देखा तो पकड़ने के लिए वे आगे बढ़े। दरोगा को आते देख चोर ने भागने की कोशिश की लेकिन वह पकड़ा गया। इसके बाद दरोगा ने इसकी सूचना रेजीडेंट डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह को दी। मौके पर पहुंच कर डॉ. शैलेंद्र ने चोर का ब्लड सेंपल निकलवाया और जांच के लिए भेज दिया। देर शाम तक जांच रिपोर्ट नहीं मिल सकी थी।
मेडिकल कॉलेज के वार्ड नंबर तीन में पिछले रविवार को जूनियर डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने एक चोर पकड़ा था। इस दौरान चोर ने ब्लेड से खुद का हाथ काटने के बाद उसी से डॉक्टर की उंगली काट दी थी। डॉक्टरों ने उसे पुलिस को सौंप दिया था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया। यह जानकारी जब डॉक्टरों को हुई तो उन्होंने पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। सोमवार को प्राचार्य ने खुद इस मामले में थानेदार से बात की और चोर का पता लगाने को कहा ताकि उसकी एड्स की जांच कराई जा सके।