कार चालक की गिरफ्तारी की मांग लेकर गोपलापुर के लोगों ने शुक्रवार की शाम गोरखपुर-देवरिया बाईपास रोड और फिर देवरिया बाईपास मोड़ पर बच्चे का शव रख कर जाम लगा दिया। पुलिस पर इस मामले में दिलचस्पी न लेने का आरोप लगाते हुए लोगों ने एक घंटे तक हंगामा मचाया। एसओ ने 24 घंटे की मोहलत मांग भीड़ को सड़क से हटाने के साथ ही राजघाट में बच्चे का दाह संस्कार कराया।
तारामंडल में बृहस्पतिवार की शाम बेकाबू कार की चपेट में आने से मछली विक्रेता मदन के बेटे राहुल (8) की मौत हो गई थी और दो लोग घायल हो गए थे। शुक्रवार की शाम चार बजे पोस्टमार्टम के बाद राहुल का शव लेकर मदन घर पहुंचे। उधर, हादसे के जिम्मेदार कार चालक और उसके साथियों के न पकड़े जाने से नाराज गोपलापुर मोहल्ले की सैकड़ों महिलाएं और पुरुष पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों का आरोप था कि कार सपा नेता की होने से पुलिस इस मामले में रुचि नहीं ले रही है।
नाराज लोगों ने शाम पांच बजे तारामंडल स्थित एलआईसी आफिस के सामने सड़क पर बच्चे का शव रख गोरखपुर-देवरिया बाईपास रोड पर जाम लगा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसओ कैंट श्यामलाल यादव ने लोगों को हटाने का प्रयास किया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। शाम साढ़े पांच बजे आक्रोशित लोग बच्चे का शव लेकर देवरिया बाईपास मोड़ पर पहुंच गए। उन्होंने गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम लगा कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर क्यूआरटी दस्ते के साथ सीओ कैंट कमल किशोर, एसओ खोराबार रामअशीष यादव, एसओ राजघाट पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया। एसओ कैंट ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे की मोहलत मांग कर शाम छह बजे मदन और उनके घरवालों को सड़क से हटाया। पीड़ित परिवार के लोग न्याय न मिलने पर दोबारा जाम लगाने की चेतावनी देकर लौट गए।
मालिक के बारे में नहीं मिली जानकारी
कैंट पुलिस ने मदन पासवान की तहरीर पर अज्ञात कार चालक पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाही पूर्वक कार चलाने का केस दर्ज किया है। कार चालक को रानीबाग के पास छोड़ने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कार का नंबर ऑनलाइन न होने से भी मालिक के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई।