उरुवां में भवानीगढ़ के पास मंगलवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आए पुरोहित की मौत हो गई। भवानीगढ़ मे रहने वाले परिचित से मिलने उसके घर जा रहे थे। गगहा में गजपुर पुलिया के पास दो बाइक में टक्कर होने से पांच लोग घायल हो गए।
सहजनवां के गीड़ा में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक और दो युवती घायल हो गए। एक ही बाइक से तीनों कोचिंग करने शहर आ रहे थे। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
धुरियापार प्रतिनिधि के अनुसार नराईचपार गांव के रहने वाले रामगोपाल मिश्रा (58) पुरोहित का काम करते थे। मंगलवार की सुबह वह साइकिल से बथुवा गांव गए थे जहां से भवानीगढ़ में रहने वाले परिचित से मिलने जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। उरुवां पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गगहा प्रतिनिधि के अनुसार हॉकर का काम करने वाले लखनापार के ओमप्रकाश दोपहर दो बजे बाइक से घर लौट रहे थे। सिलनी पुलिया के पास एक बाइक से आ रहे चार युवकों ने सामने से टक्कर मार मार दी। हादसे में हॉकर के अलावा दूसरी बाइक पर सवार कोठा गांव के संजय, भगवती, अनिल और श्रीकृष्ण घायल हो गए। स्थानीय लोग एंबुलेंस से सभी को सीएचसी गगहा ले गए जहां से ओमप्रकाश और संजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार मुंडा गांव के रहने वाले अवनीश शुक्ला पिपरा गांव की रहने वाली प्रतिभा पांडेय, प्रियंका मौर्य को बाइक से लेकर कोचिंग करने गोरखपुर जा रहा था। गीडा में न्यू ट्रांसपोर्टनगर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। अवनीश और प्रियंका को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
दो बाइक में टक्कर, युवक घायल
भटहट। रिश्तेदारी से लौट रहा युवक कुशीनगर के बोदरवार में हुए हादसे में घायल हो गया। परिवार के लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। बैलों गांव के रहने वाले जमीउल्लाह की बोदरवार में रिश्तेदारी है। मंगलवार की ाशाम चार बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
हादसे में घायल युवकों की मौत
गोरखपुर। चिलुआताल के मानबेला में सोमवार की सुबह बाइक की चपेट में आने से घायल युवक की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह घायल हो गया था। सोमवार शाम चौरीचौरा के महदेवा में बाइक की चपेट में आने से घायल युवक ने भी देर रात दम तोड़ दिया।
मानबेला खास के रहने वाला खुशबुद्दीन (19) सोमवार की सुबह नौ बजे बाइक से गोरखपुर जा रहा था। गुलरिहा में सेंट पाल स्कूल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। कुशीनगर, अहिरौली के घोड़ादेऊर का रहने वाला युवक गिरजेश (23) चौरीचौरा के महदेवा में रिशतेदार के घर आया था। शाम छह बजे लौटते समय डुमरी खास चौराहे पर सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। गंभीर हाल में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। देर रात गिरजेश की मौत हो गई। मंगलवार की सुबह मोर्चरी पहुंचे उसके पिता ने शव की पहचान की।