अधेड़ की हत्या के बाद गांव की महिलाओं ने हंगामा किया।
- फोटो : amar ujala
बांसगांव के धुसना में रविवार की सुबह सड़क से मिट्टी हटाने को लेकर हुए विवाद में ट्रक मालिक ने अधेड़ पर फावड़े से हमला कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद नाराज गांव के लोगों ने बांसगांव-गोपालपुर मार्ग जाम करने के साथ ही पथराव कर घटनास्थल के पास खड़े ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। इसके चलते करीब ढाई घंटे तक आवागमन ठप रहा। मौके पर पहुंचे सीओ बांसगांव ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम समाप्त कराया और शव कब्जे में ले लिया।
बासगांव प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के रहने वाले बंटी सिंह की भीटी में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। शनिवार की रात अपने ट्रक से उन्होंने दुकान पर बालू गिराने के लिए भेजा था। धुसना गांव में विंदेश्वरी (55) ने घर के सामने सड़क पर मिट्टी गिराई थी जिसमें ट्रक फंस गया। जानकारी होने पर पहुंचे बंटी ने विंदेश्वरी से रविवार की सुबह मिट्टी हटाने को कहा। बालू लदा ट्रक रात भर गांव में ही खड़ा रहा।
रविवार की सुबह सात बजे मिट्टी न हटने की जानकारी मिलने पर बंटी मौके पर पहुंचे। मिट्टी हटाने को लेकर विंदेश्वरी से उनकी बहस हो गई। गाली-गलौज होने पर बंटी ने फावड़े से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से विंदेश्वरी अचेत हो गए। गंभीर हाल में परिवार के लोग उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी के बाद धुसना गांव के लोगों ने सुबह आठ बजे बांसगांव-गोपालपुर मार्ग जाम कर दिया। उन्होंने बांसगांव की तरफ से आने वाली गाड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया। बालू लदे ट्रक में भी तोड़फोड़ कर दी। मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे सीओ बांसगांव ने कार्रवाई का भरोसा देकर 10:30 बजे उन्हें सड़क से हटाया।