शाहपुर के कृष्णानगर निवासी युवक को लोन दिलाने वाले व्यक्ति ने खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए। बैंक जाने पर पीड़ित को मामले की जानकारी हुई। छानबीन में पता चलने पर पीड़ित ने पड़ोस में रहने वाले आरोपी से रुपये मांगे तो वह धमकी देने लगा। मुकदमा दर्ज कर कैंट पुलिस छानबीन कर रही है।
कृष्णानगर कॉलोनी के अलेक्सियस बिलंग ने सालभर पहले एसबीआई की रेलवे कॉलोनी शाखा से लोन लिया था। घर के पास रहने वाले शिवशंकर लाल श्रीवास्तव ने उसे लोन दिलाने में मदद करने के बदले 40 हजार रुपये लिए थे। गारंटी के तौर पर कागजात लेने के बाद शिवशंकर ने अलेक्सियस से साइन कराकर सात चेक भी लिए थे। तीन सितंबर को अलेक्सियस खाते से रकम निकालने बैंक पहुंचे तो कैशियर ने रकम न होने की जानकारी दी। बताया गया कि 31 अगस्त को खाते में 60 हजार रुपये आते ही उसकी निकासी कर ली गई थी। रुपये अलेक्सियस के नाम से निकाले गए थे।
50 हजार से ज्यादा की रकम बिना जांच और पैन नंबर के ही देने के सवाल पर बैंककर्मियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। छानबीन में पता चला कि शिवशंकर ने खाते से रकम निकाली है। 22 सितंबर को पूछताछ करने पीड़ित उनके घर पहुंचा तो आरोपी ने गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया और पुलिस से शिकायत करने पर जेल भेजने की धमकी भी दी। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जानकारी दी। शनिवार को कैंट पुलिस ने शिवशंकर श्रीवास्तव के खिलाफ जालसाजी, मारपीट करने और धमकी देने का केस दर्ज किया।
पुलिस पर लगाया मिलीभगत का आरोप
एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में अलेक्सियस बिलंग ने शाहपुर पुलिस पर आरोपी की मदद करने का आरोप लगाया है। बिलंग ने शिकायती पत्र में लिखा है कि शाहपुर थाने के अलावा हड़हवा फाटक, असुरन और कौआबाग पुलिस चौकी पर शिवशंकर की काफी चलती है। उसके खिलाफ शिकायत करने वाले को स्थानीय पुलिस झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देकर चुप करा देती है जिसके कारण कोई कुछ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है।