सहजनवां थाना क्षेत्र में एक जालसाज ने बीमारी का बहाना बनाकर महिला का जेवर लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सहजनवां थाना क्षेत्र के जैतपुर निवासी इनद कुमार मौर्य दिल्ली में रहकर काम करते हैं। बुधवार को उनकी पत्नी सरोज घर में थी। तभी एक युवक आया और उसने बताया कि उसकी तबीयत खराब है। नमक और पानी दे दें। सरोज को लगा कि सच में उसकी तबीयत खराब है और उसे बैठाकर वह अंदर नमक, पानी लेने चली गईं। वापस आकर उन्होंने उसे गिलास में नमक-पानी का घोल दिया।
इसके बाद युवक ने जेब से कोई केमिकल निकालकर उसमें डाला और उसे सरोज के मुंह पर फेंक दिया, जिससे वह अचेत हो गईं। इस बीच आरोपी युवक महिला के पहने हुए गहने लेकर भाग गया। होश आने पर सरोज ने सूचना कंट्रोल रूम को दी। उनके मुताबिक एक मंगल सूत्र, दो पायल, दो अंगूठी, कान का टप्स, नथुनी सहित करीब 70 हजार का जेवर ठग ले गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।