सोमवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने सीमेंट व्यापारी के मुनीम से तीन लाख रुपये लूट लिए। वह दुकान के कर्मचारी के साथ एसबीआई से रुपये निकालने के बाद एचडीएफसी बैंक में जमा करने जा रहे थे। मुनीम के साथी ने बदमाशों का पैदल पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
महाराजगंज, ठूठीबारी के मनोज बंका बेतियाहाता की आवास विकास कालोनी में रहते हैं। वह सीमेंट का कारोबार करते हैं। टाउनहाल में उनका आफिस है। वहां निचलौल, माधवनगर निवासी बसंत खरवार मुनीम और दिलेजाकपुर के पवन गुप्ता कर्मचारी हैं। सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे बसंत और पवन तीन लाख का चेक लेकर बाइक से निकले।
एचडीएफसी बैंक की पार्किंग में बाइक खड़ी कर वे पैदल स्टेट बैंक की मेन ब्रांच पहुंचे। यहां से तीन लाख रुपये निकालकर बैग में रखकर दोनों पैदल ही एचडीएफसी बैंक की तरफ जाने लगे। इसी दौरान अग्रसेन तिराहे के पास आए बाइक सवार दो बदमाशों ने बसंत से बैग छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश जुबिली स्कूल की तरफ भाग गए। बसंत के शोर मचाने पर पवन ने जुबिली इंटर कॉलेज तक पैदल ही उनका पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी (क्राइम), सीओ क्राइम, सीओ कोतवाली फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बैंक में छानबीन करने के बाद पुलिस बैंक रोड की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
दस कदम की दूरी पर मौजूद थी ट्रैफिक पुलिस
घटनास्थल से महज 10 कदम की दूरी पर चार होमगार्डों के साथ ट्रैफिक पुलिस के सिपाही वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। बगल में लूट होने के बाद भी उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो पाई। जहां लूट हुई, वह इलाका चारों तरफ से सीसीटीवी कैमरे की जद में है। बसंत ने बताया बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट लगाया था, जबकि पीछे बैठे उसके दूसरे साथी ने सफेद चेकदार शर्ट पहनी थी।